हरीश रावत राज्यमंत्री बने
अर्से बाद मिली खुशी.....दीवाली बन गई
देहरादून. जोरदार जीत और उसके बाद मंत्री के रूप में ताजपोशी. खुशी की तो बात है ही. उत्तराखंड से कांग्रेस को लंबे अर्से बाद मंत्रिमंडल में स्थान जो मिला. फिर कांग्रेसी कैसे अपनी भावनाओं को रोक पाते. सांसद श्री हरीश रावत को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की खुशी में कांग्रेसजनों ने राजधानी स्थित प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय में जमकर आतिशबाजी कर दीवाली मनाई. ढोल-नगाड़ों की थाप पर कांग्रेसी खूब थिरके. साथ ही गूंजता रहा जय हो का उद्घोष.
उत्तराखंड में लोकसभा की सभी पांचों सीटों पर कांग्रेस का परचम लहराने पर उत्साह से लबरेज कांग्रेसियों की खुशी तब और दुगनी हो गई, जब हरिद्वार से सांसद चुने गए वरिष्ठ नेता श्री हरीश रावत को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने की घोषणा हुई. लंबे अर्से बाद यह मौका आया है, जब राज्य को केंद्र की कांग्रेसनीत सरकार में प्रतिनिधित्व मिला है. इस खुशी में कांग्रेसजनों ने जश्न मना कर खुशी का इजहार किया. बड़ी संख्या में कांग्रेस व उसके आनुषंगिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. श्री हरीश रावत को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की खुशी में ये सभी ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरके. साथ ही जमकर आतिशबाजी की गई. खुशी के पटाखों के शोर से कांग्रेस भवन गुंजायमान रहा. यही नहीं, परिसर में हर आने-जाने वाले का मुंह मीठा भी कराया जा रहा था. लगातार होती आतिशबाजी और जय हो के उद्घोष के साथ ही सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, हरीश रावत जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे.
आगे पढ़ें...
